हल्द्वानी। गुलाबघाटी क्षेत्र में बुधवार देर रात एक बुलेट मोटरसाइकिल पैराफिट से टकराकर सड़क किनारे गहरे गधेरे में जा गिरी। हादसे के बाद मोटरसाइकिल चालक खाई में पेड़ और झाड़ियों के बीच फंस गया।
सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को रात करीब 1:07 बजे थाना काठगोदाम पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गुलाबघाटी स्थित हनुमान मंदिर के पास एक बुलेट मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी है, जबकि उसका चालक मौके पर दिखाई नहीं दे रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए काठगोदाम पुलिस ने तत्काल पीसी-04 और चीता कर्मचारियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो भद्यूनी जाने वाले मार्ग के पास हनुमान मंदिर के समीप बुलेट मोटरसाइकिल संख्या DL8SDS5488 क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। आसपास मौजूद राहगीरों से पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि मोटरसाइकिल चालक पैराफिट से टकराने के बाद सड़क से नीचे गधेरे में जा गिरा है।
टॉर्च की रोशनी में शुरू हुई तलाश, पेड़-झाड़ियों में फंसा मिला घायल
पुलिस कर्मियों ने तत्काल खाई में तलाश शुरू की। अंधेरा होने के कारण टॉर्च की रोशनी से नीचे देखा गया, जहां घायल व्यक्ति पेड़ और झाड़ियों में फंसा हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने काफी सावधानी के साथ रेस्क्यू कर उसे खाई से बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार घायल व्यक्ति अत्यधिक नशे की स्थिति में प्रतीत हो रहा था और बोलने की स्थिति में नहीं था, हालांकि वह होश में था। पुलिस ने बिना समय गंवाए उसे पीसी-04 वाहन से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उसके पैर में चोट होना बताया है। फिलहाल घायल की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
दिल्ली से काठगोदाम आया था बुलेट
पुलिस द्वारा ई-चालान एप के माध्यम से मोटरसाइकिल के संबंध में जानकारी जुटाई गई। जांच में बुलेट दारा सिंह पुत्र भगवान दास निवासी नेहरू इन्कलेव, अलीपुर, नई दिल्ली के नाम पंजीकृत मिली।
वाहन स्वामी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल उनके जमाई भूपेश कुमार पुत्र चन्द्र प्रकाश, उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी रोहिणी, दिल्ली द्वारा बुधवार को किसी कार्य के सिलसिले में दिल्ली से काठगोदाम लाई गई थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते दुर्घटना के बाद खाई में फंसे घायल व्यक्ति को समय रहते तलाश कर सुरक्षित बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। काठगोदाम पुलिस की इस तत्परता से घायल को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
