पंत पार्क पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बोले—पंडित पंत के आदर्श आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित पंत पार्क पहुंचकर भारत रत्न एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें उत्तराखंड की धरती का गौरव और देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जन्म अल्मोड़ा जनपद के खूंट गांव में हुआ था। अपनी प्रतिभा, त्याग, संघर्ष और कुशल नेतृत्व के बल पर उन्होंने देश के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित पंत ने स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ निर्भीक होकर आवाज बुलंद की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद पंडित गोविंद बल्लभ पंत उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री बने और अपने कार्यकाल में प्रशासनिक सुधारों के साथ ही शिक्षा, कृषि और औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि देश के गृहमंत्री के रूप में भी पंडित पंत ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिलाने में पंडित गोविंद बल्लभ पंत का योगदान ऐतिहासिक रहा है। उनके जीवन में सादगी, ईमानदारी, त्याग और जनसेवा के जो मूल्य दिखाई देते हैं, वे आज भी समाज और देश के लिए मार्गदर्शक हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के निर्माण और विकास की प्रेरणा भी पंडित गोविंद बल्लभ पंत के विचारों से मिलती है। राज्य सरकार उनके आदर्शों और सपनों के अनुरूप एक विकसित एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से भी आह्वान किया कि वे पंडित पंत के जीवन और संघर्षों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंत पार्क में स्थापित पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट, हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट, पंत फाउंडेशन के प्रदेश संयोजक गोपाल रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
