उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें धार्मिक नैनीताल

हनुमानगढ़ी मंदिर में राममय हुआ माहौल, श्री राम सेवक सभा के बाल कलाकारों ने भजनों से बांधा समां

हनुमानगढ़ी मंदिर में गूंजा हनुमान चालीसा और राम भजनों का स्वर, बाल कलाकारों ने मोहा मन

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल स्थित श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में आज श्री राम सेवक सभा के बाल कलाकारों ने हनुमान चालीसा, बजरंग बाण, हनुमान आरती और भगवान श्रीराम के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। बाल कलाकारों की सुमधुर प्रस्तुतियों से माहौल पूरी तरह राममय हो गया और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान श्री राम सेवक सभा, नैनीताल के अध्यक्ष मनोज साह ने मंदिर समिति का आभार व्यक्त करते हुए सभी सहयोगियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों में भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी के प्रति श्रद्धा और भक्ति की भावना मजबूत होती है। साथ ही, नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में श्री राम सेवक सभा की टीम से मनोज साह, अशोक साह, बिमल, भुवन बिष्ट, मिथिलेश पांडे, अतुल साह, हरीश राणा, दीपक साह, आनंद बिष्ट, राहुल जोशी, रक्षित साह, अरुण, युवराज सिंह, कोहली बहनों सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम में संगीत की जिम्मेदारी भुवन बिष्ट, राहुल जोशी और युवराज सिंह ने संभाली।

श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में आयोजित इस भक्तिमय कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था, सामूहिक सहभागिता और सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। बाल कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग दिया।

Advertisement