विजिलेंस अवेयरनेस सप्ताह के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने ली भ्रष्टाचार निवारण की शपथ
नैनीताल। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की बेलुवाखान शाखा की ओर से चोपड़ा ग्राम सभा में वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, रोजगारपरक ऋण योजनाओं, सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक करना रहा।
इस दौरान विजिलेंस अवेयरनेस सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों ने भ्रष्टाचार निवारण की शपथ लेकर ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। वित्तीय जागरूकता सलाहकार बी.डी. नैनवाल ने उपस्थित महिलाओं को शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की बेलुवाखान शाखा की शाखा प्रबंधक दिव्या सैनी ने ग्रामीणों और महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को संबोधित करते हुए बैंक की विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं और सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैंकिंग योजनाओं की सही जानकारी प्राप्त कर ग्रामीण अपने आर्थिक विकास को गति दे सकते हैं और स्वरोजगार के नए अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।
शाखा प्रबंधक ने बैंक की कृषि, पशुपालन, बागवानी, सोलर प्लांट, शिक्षा और वाहन ऋण सहित विभिन्न ऋण योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोग अपनी आवश्यकताओं और आजीविका से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने त्योहारी सीजन के दौरान बैंक की ओर से ब्याज दरों में उपलब्ध छूट का लाभ उठाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया।
वहीं, वित्तीय जागरूकता सलाहकार बी.डी. नैनवाल ने डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इनके लाभों और सुरक्षित इस्तेमाल के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने तथा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने जैसी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया।
शिविर में बैंकिंग सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने, वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और ग्रामीणों को बैंक की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में बैंक सखी दीपा साह, चंद्रा जीना, गीता जीना, कमलेश जीना, तारा सिंह जीना सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

