उत्तराखण्ड ख़बरें गढ़वाल देहरादून

अस्पताल की गायनी इमरजेंसी में बवाल, इलाज को लेकर तीमारदारों और सुरक्षाकर्मियों में हिंसक झड़प

ख़बर शेयर करें

ब्लड सैंपल को लेकर शुरू हुआ विवाद, महिला सुरक्षा गार्ड पर बोतल से हमला; वार्ड आया समेत चार कर्मचारी घायल

देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित दून अस्पताल की गायनी इमरजेंसी में सोमवार को इलाज के दौरान बड़ा हंगामा हो गया। 16 वर्षीय किशोरी के उपचार को लेकर उसके परिजनों और अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, किशोरी को उपचार के लिए दून अस्पताल की गायनी इमरजेंसी में लाया गया था। इसी दौरान ब्लड सैंपल लेने और आवश्यक जांच को लेकर मरीज के परिजनों तथा अस्पताल स्टाफ के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

आरोप है कि गुस्साए तीमारदारों ने ड्यूटी पर तैनात महिला सुरक्षा गार्ड पर बोतल से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची वार्ड आया के साथ भी मारपीट की गई। घटना में महिला सुरक्षा गार्ड, वार्ड आया और दो पुरुष सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।

हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों का अस्पताल में ही उपचार कराया गया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस भी सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सरकारी अस्पताल में ड्यूटी कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।