भीमताल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज शर्मा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा क्षेत्र में पिछले 10 वर्षों के दौरान अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए हैं और चुनावी समय में सस्ते प्रलोभनों के जरिए जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
मीडिया को जारी बयान में मनोज शर्मा ने कहा कि किसी भी विधायक के लिए 10 वर्षों का कार्यकाल कम समय नहीं होता। इतने लंबे समय में क्षेत्र की तस्वीर बदली जा सकती है, लेकिन भीमताल विधानसभा में आज भी विकास धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि यदि विकास के नाम पर केवल सोलर लाइट और छातों का वितरण किया जाए तो इसे जनता के साथ मजाक ही कहा जाएगा।
उन्होंने कहा कि वह हाल ही में भीमताल विधानसभा के कई दूरस्थ गांवों के दौरे पर थे, जहां सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब मिली। शर्मा ने कहा कि थोड़ी सी बारिश ने ही विकास के दावों की पोल खोलकर रख दी है। गांवों में बदहाल सड़कों और अव्यवस्थित व्यवस्थाओं को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि क्षेत्र विकास की दौड़ में काफी पीछे छूट गया है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पहाड़ का पूरा तंत्र आज भी पुरानी व्यवस्थाओं में उलझा हुआ है, जबकि भाजपा नेता केवल दिखावटी राजनीति में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है, जबकि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है।
मनोज शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियां शोषण, भ्रष्टाचार और जनविरोधी कार्यों तक सीमित होकर रह गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि क्षेत्र की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
उन्होंने भीमताल विधानसभा के युवाओं से विशेष आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि क्षेत्र की बदहाली को देखते हुए बदलाव का संकल्प लिया जाए। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को आगे आकर विकास, रोजगार और जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का काम कर रही है और राहुल गांधी लगातार गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं की आवाज बनकर सरकार से संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जनता विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए उचित निर्णय लेगी।

