उत्तराखण्ड उधम सिंह नगर कुमाऊं ख़बरें न्यूज

कुमाऊं में दर्दनाक सड़क हादसा: मंदिर से लौट रही महिला को हाइड्रा ने कुचला, मौके पर मौत

ख़बर शेयर करें

रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत,तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने महिला को  मारी जोरदार टक्कर,महिला ने मौके पर ही दम तोड़

काशीपुर। शहर के टांडा मोड़ क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला शिव मंदिर में दर्शन कर अपने घर लौट रही थी, तभी तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान रामदुलारी यादव (पत्नी सुनील यादव), निवासी मोहल्ला टांडा उज्जैन, काशीपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामदुलारी यादव प्रतिदिन की तरह टांडा मोड़ स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई थीं। दर्शन के बाद वह पैदल अपने घर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान टांडा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से टांडा मोड़ क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को मजबूत करने, भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।
कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार हाइड्रा चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।