उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

राष्ट्रीय आजीविका सरस मेला 2026 में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक का वित्तीय साक्षरता कैंप, महिलाओं को दी बैंकिंग और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी

एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 3 दिसंबर तक चल रहा सरस मेला, देशभर के उद्यमियों और महिला स्वयं सहायता समूहों ने लगाए स्टॉल; ग्रामीण बैंक ने आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए किया जागरूक

हल्द्वानी। एमबी इंटर कॉलेज मैदान हल्द्वानी में आयोजित राष्ट्रीय आजीविका सरस मेला 2026 में जहां देशभर के उद्यमियों, हस्तशिल्पियों, बुनकरों और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद लोगों को आकर्षित कर रहे हैं, वहीं विभिन्न सरकारी एवं वित्तीय संस्थानों द्वारा लोगों को स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय हल्द्वानी की ओर से मेले में वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों और आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं, ऋण सुविधाओं, जमा योजनाओं तथा बीमा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय आजीविका सरस मेला 24 नवंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए उद्यमियों, हस्तशिल्पियों, बुनकरों, लघु एवं सूक्ष्म उद्यमियों, स्वरोजगार से जुड़े लोगों और महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। मेले में भदोही के प्रसिद्ध कालीन, लोहाघाट के आयरन क्राफ्ट, ऊनी परिधान, हस्तनिर्मित वस्तुएं और जैविक खाद्य उत्पादों सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पाद बिक्री और विपणन के लिए उपलब्ध हैं। यह मेला स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही महिला उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान कर रहा है।

इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय हल्द्वानी की ओर से विकासखंड भीमताल के राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़े समूहों के लिए वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का समन्वय एनआरएलएम से जुड़े मानसिंह गुसाईं एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधक लता सुयाल ने किया।

इस अवसर पर उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के जागरूकता सलाहकार बीडी नैनवाल ने उपस्थित महिलाओं और आम जनमानस को बैंक की विभिन्न ऋण एवं जमा योजनाओं के साथ बीमा सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक का उद्देश्य केवल लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना ही नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। विशेष रूप से महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोगों को बैंक की योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक प्रदेश में अपनी लगभग 300 शाखाओं के माध्यम से सभी जनपदों में वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। बैंक महिला उद्यमियों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में मानसिंह गुसाईं एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधक लता सुयाल ने भी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने, स्वरोजगार अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

बताते चलें कि उत्तराखंड ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय हल्द्वानी, सहायक महाप्रबंधक कमल वर्मा के कुशल नेतृत्व में महिला उद्यमियों, किसानों, व्यापारियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। बैंक द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही लोगों को वित्तीय रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सरस मेले में आयोजित यह वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है।

ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन के साथ-साथ बैंकिंग सुविधाओं, ऋण योजनाओं और सरकारी सहायता के बारे में जानकारी मिल रही है, जिससे उनके स्वरोजगार और आर्थिक उन्नति के रास्ते मजबूत हो सकते हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement