उत्तराखण्ड ख़बरें देहरादून

9.91 लाख लाभार्थियों को मिली सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सीएम धामी ने वन-क्लिक से जारी किए 147 करोड़ रुपये

अगस्त माह की पेंशन किस्त का भुगतान; 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत, आधार संबंधी दिक्कत पर अकाउंट बेस्ड पेमेंट के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन किस्त का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया।

इस दौरान राज्य के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की पेंशन धनराशि हस्तांतरित की गई।

इसके साथ ही अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पेंशन व्यवस्था को बनाया जाए और सरल व पारदर्शी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को नियमित रूप से पेंशन उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन व्यवस्था को और अधिक लाभार्थी केंद्रित, सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति केवल प्रक्रियागत अथवा तकनीकी समस्या के कारण योजना के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित किया जाए और उनके लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधार से जुड़ी किसी समस्या के कारण पात्र लाभार्थी की पेंशन रुकनी नहीं चाहिए।

आठ सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत हुआ भुगतान

प्रस्तुतीकरण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अगस्त 2026 में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के कुल 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के लिए 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।

कुल पेंशन लाभार्थियों में 2 लाख 14 हजार 711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के अंतर्गत आते हैं, जबकि 7 लाख 77 हजार 203 लाभार्थी राज्य स्तर की योजनाओं के अंतर्गत आच्छादित हैं। अगस्त माह की पेंशन राशि में लगभग 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश तथा 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है।

5,605 नए लाभार्थियों को मिली पेंशन की मंजूरी

अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 5,605 नई पेंशन स्वीकृत की गई हैं। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के 3,945, विधवा पेंशन के 1,000, दिव्यांग पेंशन के 416, किसान पेंशन के 106, परित्यक्ता पेंशन के 23 तथा भरण-पोषण अनुदान के 115 लाभार्थी शामिल हैं।

सरकार के इस कदम से बड़ी संख्या में नए पात्र लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के साथ ही पहले से पेंशन प्राप्त कर रहे लाखों लोगों को निर्धारित समय पर आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

सितंबर में दिल्ली में होगा राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन

बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण दिया। बताया गया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार की ओर से आगामी 18 और 19 सितंबर 2026 को डॉ. अम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र, जनपथ, नई दिल्ली में दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है।

इस सम्मेलन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता से जुड़े प्रमुख विषयों और प्राथमिकताओं को लेकर केंद्र सरकार, राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के बीच संवाद किया जाएगा। सम्मेलन में सामाजिक सुरक्षा तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों के कल्याण से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।

इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजानदास, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव विक्रम यादव, संयुक्त सचिव धीरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल, सहायक निदेशक हेमलता पांडेय सहित समाज कल्याण विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।