राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, एसएसपी कार्यालय पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हल्द्वानी में दर्ज मुकदमे को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्रकांत हंडोरे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे।
कांग्रेस नेताओं ने मामले के जांच अधिकारी सीओ अमित सैनी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली और निष्पक्ष जांच की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीओ हल्द्वानी को ज्ञापन सौंपते हुए राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि राजनीतिक मामलों में पुलिस को निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष है और पार्टी इस मामले को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
रामलीला मैदान के शुद्धिकरण का मामला भी उठाया
राज्यसभा सांसद चंद्रकांत हंडोरे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान के शुद्धिकरण के मामले को भी गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि किसी सार्वजनिक स्थल का इस तरह शुद्धिकरण किया जाना सामाजिक सौहार्द के लिहाज से उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस से शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
हंडोरे ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। चंद्रकांत हंडोरे ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी दबाव में पीछे हटने वाले नहीं हैं। यदि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर उचित निर्णय नहीं लिया गया और रामलीला मैदान के शुद्धिकरण मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगी।
