उत्तराखण्ड कुमाऊं क्राइम ख़बरें नैनीताल

भीमताल में रिटेनिंग वॉल निर्माण के दौरान ऊपर से मलबा गिरने से दो श्रमिकों की मौत, एक घायल; मालिक एवं ठेकेदार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई

नैनीताल। नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र के मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। निर्माण कार्य के दौरान अचानक ऊपर से मलबा गिरने से श्रमिक उसकी चपेट में आ गए और मलबे में दब गए।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही भीमताल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायल श्रमिक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल भेजा। वहीं, मामले में निर्माण कार्य से संबंधित मालिक एवं ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से थाना भीमताल को मेहरा गांव में रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य के दौरान मलबा गिरने और श्रमिकों के दबने की सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली भीमताल पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी भवाली श्रीमती अंजना नेगी तथा कोतवाली भीमताल के प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार सहित पुलिस टीम ने पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया।

रेस्क्यू अभियान में उपनिरीक्षक अरविंद, उपनिरीक्षक सुशीला, अपर उपनिरीक्षक गणेश राणा, अपर महिला उपनिरीक्षक अंजुला जॉन सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे। घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक झोपड़ी में एक महिला और एक पुरुष के शव रखे हुए मिले। इस दौरान मौके पर स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों की भीड़ जुटी रही।

मृतकों में 38 वर्षीय महिला और 18 वर्षीय युवक शामिल

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गौरी देवी, पत्नी महेंद्र, उम्र लगभग 38 वर्ष, निवासी संजय नगर, लालकुआं, हल्द्वानी, हाल निवासी निसौला, भीमताल तथा हरीश थापा, पुत्र दीपक थापा, उम्र लगभग 18 वर्ष, निवासी उपरोक्त के रूप में हुई है।

वहीं, हादसे में घायल श्रमिक की पहचान नेत्र बहादुर उर्फ संजू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों श्रमिक मूल रूप से नेपाल के राजापुर के निवासी बताए गए हैं। घायल श्रमिक को डायल 112 के माध्यम से सीएचसी भीमताल उपचार के लिए भेजा गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, ताकि हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की जा सके। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों सहित अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, निर्माण कार्य से संबंधित मालिक एवं ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान निर्माण कार्य की परिस्थितियों, सुरक्षा इंतजामों और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।

Advertisement