धारी। धारी विकासखंड के पदमपुरी बाजार, गुनियालेख बाजार और पलड़ा बाजार में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने बुधवार को जिलाधिकारी नैनीताल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए तीनों प्रमुख बाजारों में सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण की मांग उठाई।
मनोज शर्मा ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि धारी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले पदमपुरी, गुनियालेख और पलड़ा बाजार ग्रामीण क्षेत्र के महत्वपूर्ण बाजार केंद्र हैं। इन बाजारों में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदने के साथ-साथ बैंक, स्कूल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि बाजारों में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और बाजार में आने वाले अन्य लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के कारण जनसामान्य को असुविधा उठानी पड़ रही है।
मनोज शर्मा ने कहा कि जनता की इस मूलभूत समस्या का समाधान नहीं करा पाने का उन्हें स्वयं भी ग्लानि का आभास होता है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों बाजारों में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मनोज शर्मा से पूछा कि क्या संबंधित बाजारों में सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध है। इस पर मनोज शर्मा ने बताया कि तीनों स्थानों पर निर्माण के लिए जगह उपलब्ध है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को तत्काल उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद जगी है कि पदमपुरी, गुनियालेख और पलड़ा बाजार में लंबे समय से चली आ रही सार्वजनिक शौचालय की समस्या का जल्द समाधान हो सकेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन बाजारों में सार्वजनिक शौचालय बनने से न केवल ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी, बल्कि बाजार क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
