उत्तराखण्ड कुमाऊं क्राइम ख़बरें पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ में स्मैक तस्करी का भंडाफोड़, स्मैक के साथ युवक और सैन्यकर्मी की पत्नी गिरफ्तार

टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर घाट चौकी के पास पुलिस और एसओजी की कार्रवाई, झनकट से स्मैक खरीदकर लाने का आरोप

पिथौरागढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसओजी की टीम ने टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 40.78 ग्राम स्मैक बरामद की है।

पुलिस ने इस मामले में एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों मैदानी क्षेत्र से स्मैक खरीदकर पिथौरागढ़ ला रहे थे और इसे खुद इस्तेमाल करने के साथ-साथ युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में थे।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में सवार युवक और महिला बड़ी मात्रा में स्मैक लेकर पिथौरागढ़ की ओर आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस और एसओजी टीम ने घाट चौकी के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक कार रुकते ही चालक युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड से 40.78 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से पूल्ड आवास, टकाना, पिथौरागढ़ निवासी 31 वर्षीय हिमांशु जोशी उर्फ हेम तथा मदली तल्ली, चंपावत निवासी 35 वर्षीय ज्योत्सना खाती उर्फ ज्योति को गिरफ्तार किया।

झनकट से खरीदकर पिथौरागढ़ ला रहे थे स्मैक

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी कथित तौर पर ऊधमसिंह नगर के झनकट क्षेत्र से स्मैक खरीदकर पिथौरागढ़ ला रहे थे। पुलिस के अनुसार, उनका उद्देश्य स्मैक का सेवन करने के साथ ही इसे युवाओं को अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाना था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें स्मैक की खेप किस व्यक्ति से मिली और इसके पीछे तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है।

सैन्यकर्मी की पत्नी है आरोपी महिला

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला ज्योत्सना खाती एक सैन्यकर्मी की पत्नी है और उसके चार साल का मासूम बेटा भी है। पुलिस का कहना है कि महिला के पति सेना में हैं और सीमा पर देश की सुरक्षा में तैनात हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि ज्योत्सना और हिमांशु एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं।

लंबे समय से हिमांशु पर थी पुलिस की नजर

पुलिस के अनुसार हिमांशु लंबे समय से स्मैक का आदी बताया जा रहा है और पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। जानकारी मिली थी कि वह महिला के साथ खटीमा और झनकट क्षेत्र के होटलों में भी रुकता था। इसके बाद पुलिस और एसओजी ने सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए दोनों की गतिविधियों पर नजर रखी और हाईवे पर घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस का कहना है कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद अब स्मैक की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस इस नेटवर्क की पूरी कड़ी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

एसपी ने कहा- पूरी तस्करी की चेन खंगाली जाएगी

पिथौरागढ़ के एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि एक युवक और महिला को स्मैक की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बचपन के दोस्त होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि नशे की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और स्मैक की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगाला जाएगा।

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि तस्करी में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी नीरज भाकुनी, कोतवाल ललित मोहन जोशी, एसआई मनोज कुमार, दीपक खनका, कांस्टेबल गोविंद रौतेला, सोनू कार्की, राखी और हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह शामिल रहे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब बरामद स्मैक के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों की जानकारी जुटाने में लगी है।

Advertisement