हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं सुशीला तिवारी चिकित्सालय (एसटीएच) हल्द्वानी के नवनियुक्त प्रिंसिपल डॉ. अजय आर्या से गुरुवार को कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विभिन्न जनहित के मुद्दे भी उठाए और मरीजों की सुविधाओं में सुधार की मांग करते हुए एक मांगपत्र भी सौंपा।
मनोज शर्मा ने डॉ. अजय आर्या को बधाई देते हुए कहा कि उनकी कुशल कार्यशैली से पूरा पर्वतीय क्षेत्र परिचित है और उनके नेतृत्व में गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की नई उम्मीद जगी है।
उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा हल्द्वानी से सटी हुई विधानसभा है, जहां के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए एसटीएच पहुंचते हैं। ऐसे मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने, जगह-जगह टूटे हुए शीशों, क्षतिग्रस्त जालियों एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की। साथ ही कहा कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी महत्वपूर्ण जांचों के लिए मरीजों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ती है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आग्रह किया कि विशेष व्यवस्था बनाकर निकटवर्ती क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को जांचों के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े, ताकि उनका उपचार उसी दिन पूरा हो सके और वे अतिरिक्त खर्च से बचते हुए अपने घर लौट सकें।
मनोज शर्मा ने यह भी कहा कि भीमताल विधानसभा उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय पंडित नारायण दत्त तिवारी की जन्मभूमि है। उन्होंने कहा कि एसटीएच अस्पताल का निर्माण भी पंडित नारायण दत्त तिवारी के प्रयासों से हुआ था, इसलिए भीमताल विधानसभा के मरीजों को उपचार और अन्य सुविधाओं में प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. अजय आर्या ने कांग्रेस नेता मनोज शर्मा को आश्वस्त किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर इलाज और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
