उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें बागेश्वर

यहां क्षेत्र पंचायत सदस्य का नदी किनारे मिला शव, तीन साल की बच्ची की नजर पड़ने से खुला मामला

ख़बर शेयर करें

खीरगंगा नदी किनारे क्षेत्र पंचायत सदस्य का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में मचा हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से किया निरीक्षण

बागेश्वर/कपकोट। नगर पंचायत कपकोट के वार्ड संख्या सात में खीरगंगा नदी किनारे क्षेत्र पंचायत सदस्य का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान गडेरा क्षेत्र के वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य 48 वर्षीय तारा सिंह कोरंगा पुत्र सेवानिवृत्त सूबेदार मोहन सिंह कोरंगा, निवासी जालेख के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल तारा सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

तीन साल की बच्ची ने नदी किनारे देखा शव

जानकारी के अनुसार तारा सिंह कोरंगा खीरगंगा नदी किनारे स्थित अपने आवास में अकेले रहते थे। उनके माता-पिता और पत्नी गांव में रहते हैं। शनिवार सुबह पड़ोस में रहने वाली करीब तीन वर्षीय बच्ची अपने बरामदे में आई थी। इसी दौरान उसकी नजर नदी किनारे पड़े एक व्यक्ति के शव पर पड़ी।

बच्ची ने शव दिखाई देने की बात अपनी मां को बताई। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो वहां तारा सिंह कोरंगा का शव पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। फॉरेंसिक और मेडिकल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के क्षेत्र से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मौत को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है और मामले की जांच जारी है।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

तारा सिंह कोरंगा अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके परिवार में वृद्ध माता-पिता के अलावा पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। उनकी एक बेटी का विवाह हो चुका है। क्षेत्र पंचायत सदस्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, तारा सिंह की मौत दुर्घटना, बीमारी या किसी अन्य परिस्थिति में हुई है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ-साथ अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।