उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल हल्द्वानी

वोट चोरी के आरोपों को लेकर नैनीताल में कांग्रेस का प्रदर्शन, जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल के नेतृत्व में भाजपा सरकार का पुतला फूंका

नैनीताल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में तल्लीताल में एकत्रित होकर भाजपा सरकार के खिलाफ वोट चोरी को लेकर नारेबाजी कर पुतला दहन किया 

कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ की नारेबाजी, पद से हटाने और गिरफ्तारी की मांग; जिला मुख्यालय का घेराव कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

 रिपोर्टर गुड़डू सिंह ठठोला

नैनीताल। वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को नैनीताल में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता तल्लीताल में एकत्र हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाने के साथ ही उनकी गिरफ्तारी की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिन चुनावों को लेकर पार्टी ने आपत्तियां दर्ज की हैं, उनकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास बहाल किया जाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ता जिला मुख्यालय की ओर बढ़े और जिला मुख्यालय का घेराव किया। कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी पूरे प्रदेश में कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रही है। इसी क्रम में नैनीताल के अलावा अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और चंपावत सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और चुनावी पारदर्शिता के मुद्दे को जनता के बीच मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाना आवश्यक है।

प्रदर्शन में नगर कांग्रेस अध्यक्ष सचिन नेगी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश पेनरू, महेंद्र पाल सिंह, जितेंद्र पांडे (जीनू), कैलाश अधिकारी, पीके शर्मा, शीलू कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, नगर पालिका सभासद जितेंद्र पांडे (जीनू), नगर कांग्रेस महामंत्री संजय कुमार, विधानसभा अध्यक्ष शिवम बजाज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सिद्धार्थ टंडन, नगर कांग्रेस सचिव सुमित शाह, मनोज ममगई, रविंद्र राठौर, अमित पांडे, भुवन बिष्ट, मोहित बिष्ट, महिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी लता तरुण, महिला कांग्रेस सचिव गीता मंडल व देवकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement