ख़बरें

छात्रसंघ चुनाव में अपराधियों की दखलअंदाजी बर्दाश्त नहीं— अभ्यस्त अपराधी व आपराधिक इतिहास वालों पर नैनीताल पुलिस की विशेष नजर; ITI गैंग का एक अराजकतत्व भी पुलिस की हिरासत में

छात्रसंघ चुनाव में अराजकता की कोई जगह नहीं, नैनीताल पुलिस का सख्त अलर्ट

नैनीताल। छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

कॉलेज परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या अराजकता फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नैनीताल पुलिस की ओर से दो टूक चेतावनी जारी करते हुए कहा गया है कि छात्रों की आड़ में कोई हार्डकोर अपराधी, आपराधिक इतिहास वाला व्यक्ति अथवा अराजक तत्व कॉलेज परिसर या उसके आसपास घूमता पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को हिरासत में लेकर आवश्यकतानुसार गिरफ्तारी और कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का फोकस छात्रसंघ चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ कॉलेज परिसरों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है। पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर सतर्क रहने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने छात्र नेताओं और चुनाव में भाग लेने वाले प्रत्याशियों से भी शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि चुनावी माहौल की आड़ में बाहरी लोगों को बुलाकर दबाव बनाने, विवाद उत्पन्न करने, मारपीट, धमकी या किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई होगी।

नैनीताल पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement