MBPG कॉलेज में मतदान के दौरान प्रत्याशियों में झड़प, पुलिस ने संभाला मोर्चा
रिपोर्टर : दीपक अधिकारी
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को हो रहे मतदान के दौरान अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के बीच आपसी झड़प की स्थिति उत्पन्न होने से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ और कॉलेज परिसर में पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मौके पर पहुंचे एसपी क्राइम और एसपी सिटी ने अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों से बातचीत की और मतदान के दौरान आपसी विवाद को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। पुलिस अधिकारियों ने प्रत्याशियों को स्पष्ट हिदायत दी कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, विवाद या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने प्रत्याशियों और उनके समर्थकों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने तथा चुनाव प्रक्रिया में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। पुलिस ने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी व्यक्ति द्वारा माहौल बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एमबीपीजी कॉलेज के बाहर भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। कॉलेज परिसर के आसपास अनावश्यक रूप से भीड़ जुटा रहे लोगों को पुलिस ने मौके से हटाया। पुलिसकर्मियों ने लगातार निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया कि मतदान प्रक्रिया प्रभावित न हो।
एमबीपीजी कॉलेज में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के मतदान को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट है। मतदान के दौरान हुई झड़प की स्थिति के बाद अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है।
पुलिस की ओर से प्रत्याशियों और समर्थकों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया है और इसे शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है।

