उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

नैनीताल के पूर्व न्यायाधीश बिजेंद्र सिंह का निधन, न्यायिक जगत में शोक की लहर

द्वितीय अपर जिला न्यायाधीश एवं परिवार न्यायालय के न्यायाधीश के पद पर दे चुके थे सेवाएं, शांत और सौम्य व्यक्तित्व के लिए थे प्रसिद्ध

नैनीताल। नैनीताल के न्यायिक जगत से दुखद खबर सामने आई है। पूर्व न्यायाधीश बिजेंद्र सिंह का आज निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही न्यायिक क्षेत्र और अधिवक्ताओं के बीच शोक की लहर दौड़ गई।

न्यायिक सेवा के दौरान अपने सरल, शांत, सौम्य और मृदुभाषी व्यक्तित्व से अलग पहचान बनाने वाले बिजेंद्र सिंह के निधन को न्याय जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

बिजेंद्र सिंह नैनीताल मुख्यालय में द्वितीय अपर जिला न्यायाधीश (एडीजे) तथा परिवार न्यायालय के न्यायाधीश के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न्यायिक दायित्वों का निर्वहन गंभीरता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ किया। न्यायाधीश के रूप में उन्होंने कई महत्वपूर्ण एवं चर्चित मामलों में फैसले सुनाए। उनकी कार्यशैली में न्यायिक मर्यादा के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता भी देखने को मिलती थी।

शनिवार को उनके निधन की सूचना शाम करीब चार बजे प्राप्त हुई। सूचना देर से मिलने के कारण उसी दिन न्यायालय परिसर में शोकसभा आयोजित नहीं हो सकी। हालांकि उनके निधन की खबर फैलते ही अधिवक्ताओं और न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया।

उनके निधन पर जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी जनपद नैनीताल सुशील कुमार शर्मा, एडवोकेट गिरीश चंद्र खोलिया, ज्योति प्रकाश, भुवन जोशी, ओमकार गोस्वामी, नवीन आर्य, बहादुर पाल, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण जी, सचिव संजय सुयाल, मनीष जोशी, डीएस दानू, कैलाश जोशी, प्रदीप परगाई, राजेंद्र पाठक, भगवत प्रसाद, हरीश पांडे, एडी मैसी, जयंत नैनवाल, शंकर चौहान और देवेंद्र मनराल सहित अनेक अधिवक्ताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की।

अधिवक्ताओं ने अपने शोक संदेश में कहा कि बिजेंद्र सिंह का असामयिक निधन बार और बेंच दोनों के लिए बड़ी क्षति है। उनका शांत स्वभाव, सरल व्यक्तित्व, न्यायप्रिय कार्यशैली और न्यायिक दायित्वों के प्रति समर्पण लंबे समय तक स्मरण किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

न्यायिक जगत में उनके योगदान और सौम्य व्यवहार के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement