अल्मोड़ा उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें

अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा : गहरी खाई में गिरा कैंटर, चालक की मौके पर मौत

अल्मोड़ा के टोटाम चेरीधार में बड़ा हादसा, खाई में गिरा कैंटर, चालक की मौत

अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समाया कैंटर, SDRF ने बरामद किया चालक का शव

अल्मोड़ा। जनपद के टोटाम चेरीधार क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक कैंटर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही SDRF और फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा जिला नियंत्रण कक्ष (DCR) से SDRF पोस्ट भिकियासैंण को कैंटर वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही SDRF की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम को कैंटर वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ दिखाई दिया।

इसके बाद SDRF और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने विषम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खड़ी और गहरी खाई होने के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में पहुंचकर वाहन चालक का शव बरामद किया और उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय हीरा सिंह निवासी नंदप्रयाग घाट, जनपद चमोली के रूप में हुई है। रेस्क्यू अभियान पूरा करने के बाद SDRF ने शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

फिलहाल हादसे के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement