उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें चंपावत हल्द्वानी

बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर, तीन गंभीर घायल; हायर सेंटर रेफर

राजकीय पॉलिटेक्निक के पास दो बाइकों में भीषण टक्कर तीन गंभीर रूप से घायल हायर सेंटर रेफर।

ओवर स्पीड बनी हादसे का कारण। लोगों की ओवर स्पीड पर पुलिस से लगाम लगाने की मांग

लोहाघाट। राजकीय पॉलिटेक्निक के पास शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे ओवरस्पीड के चलते दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. नरेंद्र और डॉ. मानसी ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय चंपावत रेफर कर दिया गया।

घायलों में शेखर निवासी ककराली गेट, टनकपुर भी शामिल हैं, जो निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में जेई के पद पर तैनात बताए जा रहे हैं। उनकी हालत गंभीर होने के चलते चंपावत जिला चिकित्सालय से उन्हें उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।

वहीं हादसे में मयंक निवासी कलीगांव और हिमांशु, निवासी ट्रेजरी के पास लोहाघाट भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चिकित्सकों ने दोनों की हालत को देखते हुए उन्हें भी जिला चिकित्सालय चंपावत रेफर किया।

घटना की सूचना मिलने पर चीता पुलिस के हेड कांस्टेबल सुनील कुमार अस्पताल पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी और इसी दौरान राजकीय पॉलिटेक्निक के पास दोनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए।

घायलों के उपचार में वार्ड बॉय दीपक बिष्ट, भास्कर गरकोटी, संदीप वर्मा और नर्सिंग अधिकारी बबीता सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने सहयोग किया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने को लेकर चिंता बनी हुई है।

लोगों ने पुलिस प्रशासन से ओवरस्पीड और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने तथा नियमित चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

Advertisement