उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: रेत से लदे डंपर में दबने से युवक की मौत, नहर निर्माण के दौरान मिला शव

ख़बर शेयर करें

लोडिंग के दौरान रेत में दबा युवक, चालक और मजदूरों को नहीं लगी भनक; माल खाली करने के बाद मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

हल्द्वानी। दमुवादूंगा के चौफुला क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नहर कवरिंग के निर्माण कार्य के दौरान रेत के ढेर से एक युवक का शव बरामद हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथमदृष्टया युवक की मौत रेत में दबने से होना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

मृतक की पहचान पवन सिंह (30 वर्ष) पुत्र मदन सिंह निवासी हाटाग्राम, इंदिरा नगर बिंदुखत्ता के रूप में हुई है। पवन स्टोन क्रेशर से खनन सामग्री ढोने वाले डंपर में हेल्पर के रूप में कार्य करता था।

मृतक के भाई विक्रम सिंह ने बताया कि रविवार को लालकुआं स्थित एक स्टोन क्रेशर पर डंपर खनन सामग्री लोड कराने पहुंचा था। चालक के मौके पर मौजूद नहीं होने के कारण पवन स्वयं डंपर को लोडिंग प्वाइंट तक ले गया।

वहां वह डंपर के डाले में पट्टा फंसाने के लिए चढ़ा ही था कि लोडिंग मशीन संचालक ने अनजाने में डंपर में रेत भरना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पवन रेत के नीचे दब गया, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

इसके बाद काफी देर तक चालक नहीं पहुंचा तो दूसरे चालक ने डंपर को चौफुला क्षेत्र में चल रहे नहर कवरिंग निर्माण स्थल पर पहुंचाकर पूरा माल खाली कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि तब भी किसी को यह पता नहीं चला कि रेत के नीचे पवन दबा हुआ है।

घटना का खुलासा तब हुआ, जब निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने रेत उठानी शुरू की। इस दौरान उन्हें रेत में दबा एक हाथ दिखाई दिया।

मजदूरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेत हटाकर शव बाहर निकाला।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल भी पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया युवक की मौत रेत में दबने से हुई प्रतीत होती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं।