उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

हल्द्वानी में महिला दुकानदार से छेड़छाड़, लोगों का फूटा गुस्सा; आरोपी की कार में तोड़फोड़, पुलिस ने शुरू की जांच

ख़बर शेयर करें

नशे में धुत टैक्सी चालक पर महिला से अभद्रता का आरोप, एक आरोपी फरार, पीड़िता की तहरीर का इंतजार

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक महिला दुकानदार से कथित छेड़छाड़ की घटना के बाद जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि शराब के नशे में धुत एक टैक्सी चालक दुकान में घुस गया और महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़छाड़ करने लगा।

महिला के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इससे गुस्साई भीड़ ने एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जबकि मुख्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

इस दौरान भीड़ ने आरोपी की टैक्सी कार में भी जमकर तोड़फोड़ कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार देर शाम अल्मोड़ा नंबर की एक टैक्सी कार मुखानी रोड पर आकर रुकी। कार में चालक और उसका एक साथी सवार थे, जो कथित रूप से शराब के नशे में थे। बताया जा रहा है कि चालक पास की एक दुकान में घुसा और वहां मौजूद महिला दुकानदार के साथ अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर उसने महिला से छेड़छाड़ की, जिसके बाद महिला ने शोर मचा दिया।

महिला की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। भीड़ को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे।

इस दौरान लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपी की टैक्सी कार में भी तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।

सूचना मिलने पर मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने तोड़फोड़ का शिकार हुई टैक्सी कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टैक्सी चालक अल्मोड़ा जिले का निवासी है।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल पीड़ित महिला की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।