उत्तर प्रदेश क्राइम ख़बरें

मासूम से क्रूरता का आरोप: टॉयलेट जाने से रोका, फिर प्राइवेट पार्ट जलाने का आरोप; शिक्षिका समेत तीन पर केस दर्ज

ख़बर शेयर करें

बच्चे ने पैंट में कर दिया पेशाब तो गुस्से से लाल हो गई शिक्षिका, दूसरे कमरे में ले जाकर प्राइवेट पार्ट में लगा दिया आग

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी से मानवता को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल की शिक्षिका पर नर्सरी के पांच वर्षीय छात्र के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगा है। आरोप है कि शिक्षिका ने पहले बच्चे को टॉयलेट जाने की अनुमति नहीं दी, जिससे उसने डर के कारण अपनी पैंट में ही पेशाब कर दिया। इसके बाद शिक्षिका ने कथित तौर पर बच्चे के साथ मारपीट की और गैस लाइटर से उसके प्राइवेट पार्ट को जला दिया।

पीड़ित बच्चे के पिता, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए शिक्षिका, स्कूल की प्रिंसिपल और प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, अकथा पहड़िया निवासी दंपति का पांच वर्षीय बेटा काशी इन्क्लेव स्थित सेरीन सोनी प्ले स्कूल में नर्सरी का छात्र है। आरोप है कि 24 जुलाई को स्कूल में बच्चे ने शिक्षिका प्रीति कुशवाहा से टॉयलेट जाने की अनुमति मांगी, लेकिन उसे मना कर दिया गया। काफी देर तक रोकने के कारण बच्चे से पैंट में ही पेशाब हो गया।

परिजनों का आरोप है कि इसके बाद शिक्षिका बच्चे को दूसरे कमरे में ले गईं, जहां उसके साथ मारपीट की गई और गैस लाइटर से उसके प्राइवेट पार्ट को दाग दिया गया। इतना ही नहीं, बच्चे को कथित रूप से धमकी भी दी गई कि यदि दोबारा ऐसी गलती हुई तो उससे भी बुरा अंजाम भुगतना पड़ेगा।

घर पहुंचकर बच्चे ने बताई आपबीती

पीड़ित के पिता का कहना है कि जब बच्चा घर लौटा तो उसने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। इसके बाद उन्होंने शिक्षिका से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनकी कॉल का कोई जवाब नहीं मिला।

स्कूल प्रबंधन पर भी सहयोग न करने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने स्कूल की प्रिंसिपल और प्रबंधन से संपर्क किया तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बल्कि कथित तौर पर उन्हें धमकी भरा व्यवहार झेलना पड़ा। स्कूल पहुंचने पर भी प्रिंसिपल और मैनेजर ने मामले में सहयोग करने से इनकार कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित के पिता ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिक्षिका, प्रिंसिपल और स्कूल प्रबंधन से जुड़े एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।