‘तुम्हारी कोई हैसियत नहीं` सरकारी टीचर बनते ही छोड़ा पति- अब साथ रहने के लिए मांग रही 1 करोड़ रुपये,दहेज केस में फंसाने की धमकी का आरोप
सरकारी टीचर बनते ही बदले सुर! पति के साथ रहने के लिए पत्नी ने मांगे एक करोड़ रुपये, कानपुर में केस दर्ज
कानपुर: दहेज मांगने के मामले अक्सर पति या ससुराल पक्ष के खिलाफ सामने आते हैं, लेकिन कानपुर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। यहां एक सरकारी शिक्षिका बनी पत्नी ने अपने पति के साथ रहने के लिए एक करोड़ रुपये की मांग कर दी। पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी, उसके पिता और भाइयों ने पैसे न देने पर उसे धमकाना शुरू कर दिया है।
कोचिंग कराई, नौकरी लगवाई और फिर बढ़ी दूरी
नौबस्ता थाना क्षेत्र निवासी बजरंग भदौरिया, जो एक स्कूल संचालक हैं, ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि उनकी शादी लक्षिता सिंह से हुई थी। शादी के बाद पत्नी ने सरकारी शिक्षक बनने की इच्छा जताई।
पति का कहना है कि उसने पत्नी की पढ़ाई, कोचिंग और अन्य तैयारियों पर काफी पैसा खर्च किया। मेहनत और सहयोग के बाद लक्षिता की सरकारी स्कूल में शिक्षक के पद पर नियुक्ति हो गई।
आरोप है कि नौकरी लगने के कुछ समय बाद ही पत्नी का व्यवहार बदल गया और वह मायके चली गई।
पत्नी बोली- साथ रहना है तो दो एक करोड़
बजरंग के अनुसार, जब उसने पत्नी से अलग रहने की वजह पूछी तो उसे जवाब मिला कि वह अब उसके साथ तभी रहेगी जब वह एक करोड़ रुपये देगा।
“पत्नी ने कहा कि मेरी अब अलग हैसियत है, अगर मेरे साथ पहले की तरह रहना है तो एक करोड़ रुपये देने होंगे।”
पति का कहना है कि यह सुनकर वह पूरी तरह टूट गया। उसने ससुराल पक्ष से बात करने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
दहेज केस में फंसाने की धमकी का आरोप
शिकायत में बजरंग ने यह भी आरोप लगाया है कि पत्नी और उसके परिजन उसे दहेज उत्पीड़न के मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
उसके मुताबिक, ससुर और दोनों सालों ने भी उसे डराया-धमकाया और मारपीट की।
पीड़ित पति ने पत्नी, ससुर और दोनों सालों के खिलाफ नौबस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है और सभी पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसमें पति ने पत्नी पर आर्थिक शर्त रखकर साथ रहने से इनकार करने का आरोप लगाया है, जो सामान्य दहेज विवादों से बिल्कुल अलग प्रकृति का बताया जा रहा है।
