बेटा नौकरी कर लो… सुनते ही भड़के दो सगे भाई, मां-बाप को पीट-पीटकर मार डाला, हथौड़े से सिर कूचला
पारिवारिक विवाद के बाद दंपति की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच।
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पारिवारिक विवाद के दौरान एक बुजुर्ग दंपति की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने मृतक दंपति के दोनों बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे वीर नगर इलाके में रहने वाले गंगाशरण, उनकी पत्नी विमलेश और उनके दो बेटों दीपक व ललित के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई। मकान में रह रहे एक किरायेदार ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल गंगाशरण व विमलेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि घटना के बाद दोनों बेटों दीपक और ललित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, जबकि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से घरेलू कलह चल रही थी। पुलिस के मुताबिक संपत्ति को लेकर विवाद भी इस तनाव की बड़ी वजह था। पूछताछ के दौरान यह संकेत मिले हैं कि पारिवारिक झगड़े के दौरान ही कथित तौर पर दोनों की हत्या की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक दंपति ने अपने दोनों बेटों को संपत्ति से बेदखल कर दिया था। दोनों बेटे कथित रूप से बेरोजगार थे, जिससे परिवार में आए दिन विवाद होता रहता था। सोमवार रात भी इसी तरह का विवाद हिंसक रूप ले बैठा।
पुलिस के अनुसार, गंगाशरण के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और उनका गला घोंटे जाने की भी आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
