पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज होने के 10 दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं, भारी बारिश के बीच पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन
टिहरी/प्रतापनगर। उत्तराखंड के टिहरी जनपद के प्रतापनगर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी न होने से लोगों का आक्रोश सोमवार को सड़क पर उतर आया। भारी बारिश के बावजूद सैकड़ों स्थानीय लोगों ने लंबगांव-डोबरा मोटर मार्ग पर चक्काजाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस पर लापरवाही और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के समर्थन में लंबगांव, मांजफ, प्रतापनगर समेत आसपास के कई बाजार पूरी तरह बंद रहे। लोगों का कहना था कि नाबालिग से दुष्कर्म की पुष्टि होने और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा कमजोर हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, घटना 7 जून की है। आरोप है कि पीड़िता की ओर से शिकायत दिए जाने के बावजूद पुलिस ने तत्काल तहरीर दर्ज नहीं की। बाद में अस्पताल में हुई चिकित्सीय जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद हाईकोर्ट के निर्देश पर 11 जुलाई को आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि, मुकदमा दर्ज होने के 10 दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है।
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक प्रमुख मनीषा पंवार, अवंतिका भंडारी, राजमोहन रावत, उदय रावत, धर्मेंद्र महर, पुरुषोत्तम पंवार और गजेंद्र रावत सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पुलिस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि केतन लाल प्रकरण में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की, जबकि नाबालिग से दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में उदासीन रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने दोनों मामलों में समान, निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन भेजकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
इस दौरान मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दीपक सिंह और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मंजू राजपूत ने प्रदर्शनकारियों से दो दौर की वार्ता की और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हालांकि, प्रदर्शनकारी आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और आरोपी की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
