उत्तर प्रदेश ख़बरें

NEET में AIR-2 लाने वाले अभिषेक ने की आत्महत्या, IAS बनने का सपना टूटने के बाद उठाया खौफनाक कदम

ख़बर शेयर करें

IAS बनने का सपना टूटने पर दी जान, NEET में देश में 2nd रैंक हासिल करने वाले मेधावी तीसरी मंजिल से कूदा, परिवार का था इकलौता

दो बार UPSC इंटरव्यू में असफल रहने के बाद तनाव में थे 26 वर्षीय अभिषेक, गौतमबुद्ध नगर में तीसरी मंजिल से कूदकर दी जान; पैतृक गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। चार साल पहले मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET में देशभर में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2 हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले 26 वर्षीय अभिषेक ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाने का उनका सपना पूरा नहीं हो सका। दो बार UPSC के इंटरव्यू में असफल होने के बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगे थे। मंगलवार सुबह उन्होंने गौतमबुद्ध नगर स्थित अपने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी।

अभिषेक मूल रूप से उन्नाव जिले के बिहार क्षेत्र के निहालखेड़ा मजरे धनकोली गांव के रहने वाले थे। उनके पिता दिनेश पटेल जेल विभाग में कंपाउंडर के पद पर कार्यरत हैं। पहले उनकी तैनाती रायबरेली जिला जेल में थी, लेकिन बेटे की बेहतर पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को देखते हुए उन्होंने अपना तबादला गौतमबुद्ध नगर करा लिया। वहां पत्नी सुमन और बेटे अभिषेक के साथ किराए के मकान में रहकर उसकी तैयारी में हरसंभव सहयोग कर रहे थे।

अभिषेक ने करीब चार वर्ष पहले NEET परीक्षा में पूरे देश में दूसरी रैंक हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया था। इसके बाद उन्होंने डॉक्टर बनने के बजाय प्रशासनिक सेवा में जाकर देश की सेवा करने का लक्ष्य तय किया और UPSC की तैयारी शुरू कर दी। हालांकि लगातार दो बार इंटरव्यू तक पहुंचने के बावजूद अंतिम चयन नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि इसी वजह से वह पिछले कुछ समय से तनाव में थे।

मंगलवार, 5 अगस्त की सुबह पिता ड्यूटी पर चले गए थे। मां सुमन ने बेटे को चाय दी। इसके बाद अभिषेक ने योग करने की बात कहकर घर की तीसरी मंजिल पर जाने की बात कही। कुछ देर बाद सुबह करीब सात बजे उन्होंने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी।

आवाज सुनकर मां बाहर दौड़ीं तो बेटे को गंभीर हालत में पड़ा देखा। आनन-फानन में मदद की कोशिश की गई, लेकिन कुछ ही देर में अभिषेक ने दम तोड़ दिया।