ख़बरें दिल्ली राष्ट्रीय

सनसनी: पत्नी की गोली मारकर हत्या के आरोपी कॉन्स्टेबल ने खुद को भी उड़ाया, घरेलू कलह बनी दो जिंदगियों का अंत

ख़बर शेयर करें

दिल दहला देने वाली वारदात! पत्नी को मौत के घाट उतारकर फरार हुआ सिपाही, 24 घंटे बाद खुद को भी मारी गोली

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया। अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल मनीष भाटी ने पुलिस से बचने के दौरान सरकारी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से सरकारी हथियार समेत अन्य अहम साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रहे हैं और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।

मनीष भाटी पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात था, जबकि उसकी पत्नी प्रियंका भाटी एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। दोनों की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और शुरुआती जांच में लंबे समय से घरेलू विवाद की बात सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब तीन बजे कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में दोनों स्कूटी से घर से निकले थे। रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। एलबीएस अस्पताल के पास स्कूटी रोकने के बाद बहस बढ़ गई, जिसके बाद मनीष ने कथित तौर पर अपनी सरकारी सर्विस पिस्टल से प्रियंका के सीने में गोली मार दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया।

गोली लगने के बाद राहगीरों और एक ऑटो चालक ने घायल प्रियंका को तत्काल एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पत्नी की हत्या के बाद से पुलिस की कई टीमें आरोपी कॉन्स्टेबल की तलाश में जुटी थीं। इसी बीच मंगलवार को मयूर विहार के एक सुनसान इलाके में उसका शव मिला। उसने कथित तौर पर अपनी सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मार ली थी।

पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मिली है, जिसमें पूरी वारदात कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घरेलू विवाद को घटना की प्रमुख वजह मानकर मामले की पड़ताल की जा रही है।