NEET UG Re-Exam Result 2026 घोषित, neet.nta.nic.in पर देखें स्कोरकार्ड
NTA ने जारी किया NEET UG री-एग्जाम का परिणाम, 58% से अधिक सफल उम्मीदवार महिलाएं
NEET UG 2026 रिजल्ट आउट: पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने किया टॉप
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG Re-Exam 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज कर स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
इस वर्ष NEET UG परीक्षा में 20 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे। पेपर रद्द होने के बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी। फाइनल आंसर की जारी होने के बाद गुरुवार को परिणाम घोषित कर दिया गया।
रिजल्ट के अनुसार, पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। परीक्षा में 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक, 1,492 उम्मीदवारों ने 650 या उससे अधिक, 10,160 उम्मीदवारों ने 600 से अधिक, जबकि 90,780 उम्मीदवारों ने 500 से अधिक अंक हासिल किए हैं।
NTA के अनुसार, इस बार सफल अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं। महिला उम्मीदवारों का क्वालिफिकेशन रेट 56.8 प्रतिशत, जबकि पुरुषों का 55.1 प्रतिशत रहा।
देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवारों ने परीक्षा क्वालिफाई की है। उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जबकि 17 राज्यों के टॉपर्स ने 700 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
NTA ने बताया कि इस बार परिणाम जारी करने की प्रक्रिया में बदलाव करते हुए कई चरणों को समानांतर रूप से पूरा किया गया।
प्रोविजनल आंसर-की 25 जून को जारी की गई थी, जबकि 16 जुलाई को फाइनल आंसर-की के साथ ही NEET UG Re-Exam 2026 का रिजल्ट भी घोषित कर दिया गया।
