उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

भाजपा प्रकोष्ठों के नवनियुक्त पदाधिकारियों का हल्द्वानी में सम्मान, 2027 चुनाव की तैयारियों पर मंथन

ख़बर शेयर करें

प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल बोले— बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाएं कार्यकर्ता, 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश प्रकोष्ठ द्वारा जिला नैनीताल के अंतर्गत हल्द्वानी स्थित एक निजी गार्डन में प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठों के नवनियुक्त संयोजकों एवं सह-संयोजकों के सम्मान में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल मुख्य अतिथि रहे, जबकि जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने अध्यक्षता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रकोष्ठ सह-संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने कहा कि प्रदेश के सभी प्रकोष्ठों की कार्यशालाएं सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं। अब संगठन शीघ्र ही प्रकोष्ठों को नए दायित्व सौंपते हुए प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देगा। उन्होंने बताया कि मंडल, जिला एवं प्रदेश स्तर पर 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रकोष्ठों की भूमिका और अधिक प्रभावी हो सके।

मुख्य अतिथि तरुण बंसल ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी प्रकोष्ठ पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने तथा जनहित और संगठन हित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने जिले में चल रहे संगठनात्मक अभियानों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रकोष्ठ संगठन और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वहीं मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह में राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, रेनु अधिकारी, दिनेश आर्या, हुकम सिंह कुंवर, मोहन पाठक सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, प्रकोष्ठों की भूमिका और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में सभी पदाधिकारियों ने बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।