‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, प्रीतम सिंह ने युवाओं संग किया संवाद
देहरादून। आगामी 17 जुलाई को राजधानी देहरादून में आयोजित होने वाले कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं।
बुधवार को चकराता विधायक एवं चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों पर गंभीर चिंता जताई। नेताओं ने कहा कि भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों मेहनती युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने और युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए सरकार प्रभावी एवं कड़े कदम उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 17 जुलाई को आयोजित होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम युवाओं और छात्रों की समस्याओं, रोजगार, शिक्षा व्यवस्था तथा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का मंच बनेगा।
इस अवसर पर चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व विधायक राजकुमार, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस महेंद्र राणा, जिला पंचायत सदस्य प्रवीण रावत ‘प्रिंस’, शूरवीर सिंह चौहान सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
