परेड ग्राउंड की अनुमति रद्द, अब बन्नू स्कूल मैदान में होगा राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम; कांग्रेस का सरकार पर बड़ा आरोप
देहरादून। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। परेड ग्राउंड की अनुमति रद्द होने के बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम का स्थल बदलते हुए अब इसे देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित करने का निर्णय लिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने पहले परेड ग्राउंड तीन दिनों के लिए आवंटित किया था, लेकिन बाद में उसी तारीख पर सरकारी कार्यक्रम का हवाला देकर अनुमति रद्द कर दी। उनका कहना है कि यह फैसला राजनीतिक दबाव में लिया गया है।
मंगलवार देर रात अनुमति निरस्त होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता परेड ग्राउंड पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मैदान का गेट खुलवाने का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने मैदान के भीतर धरना शुरू कर दिया।
धरने पर बैठे गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस सरकारी कार्यक्रम का हवाला देकर अनुमति रद्द की गई, वहां कोई गतिविधि नहीं चल रही थी। उन्होंने बताया कि मैदान का निर्धारित शुल्क 64 हजार रुपये था, जबकि कांग्रेस ने 1.77 लाख रुपये जमा कराए थे। गोदियाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम से घबराकर सरकार ने यह कदम उठाया है।
हालांकि, देर रात चले घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने छात्रों और उनके अभिभावकों की सुरक्षा को देखते हुए कार्यक्रम का स्थल बदलने का फैसला लिया। अब राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 17 जुलाई को तय समय पर बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा।
उधर, पूरे घटनाक्रम को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं से बातचीत कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
