उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल हल्द्वानी

हल्द्वानी में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

ख़बर शेयर करें

नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई से भड़की कांग्रेस, बुद्ध पार्क में फूंका पुलिस प्रशासन का पुतला

– राजपुरा के समाजसेवियों पर कार्रवाई के विरोध में विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में प्रदर्शन

– बोले—नशा तस्करों पर कार्रवाई करे पुलिस, आवाज उठाने वालों को न दबाए
हल्द्वानी। राजपुरा क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले समाजसेवियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को मोर्चा खोल दिया। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में बुद्ध पार्क, तिकोनिया में प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन का पुतला दहन किया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि राजपुरा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब और नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर स्थानीय नागरिक, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि अपनी आवाज उठा रहे हैं।\

उनका कहना था कि क्षेत्र में नशे के कारण युवाओं और आम लोगों पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर लगातार चिंता जताई जा रही है। ऐसे में शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय यदि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों पर ही मुकदमे दर्ज किए जाते हैं, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक स्थिति है।
विधायक ने आरोप लगाया कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले नागरिकों को डराने या दबाने की कार्रवाई किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार में वास्तव में शामिल लोगों और तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता नशे के कारोबार को खत्म करना और युवाओं को इसके दुष्प्रभाव से बचाना होना चाहिए। जो लोग इस सामाजिक बुराई के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, उन्हें संरक्षण और सहयोग मिलना चाहिए।

विधायक ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना केवल पुलिस या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजपुरा समेत हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर लोगों में चिंता है। ऐसे में पुलिस प्रशासन को शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तस्करों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है और शिकायत करने वाले लोगों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
विधायक सुमित हृदयेश ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस मुद्दे को जनहित से जुड़ा विषय मानती है और लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से इसे लगातार उठाती रहेगी।

उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से नशे के वास्तविक कारोबारियों पर कार्रवाई करने और नागरिकों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।