16 होम स्टे इकाइयों का औचक निरीक्षण, मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई तेज
भीमताल। नैनीताल जिले में पर्यटन सुविधाओं की गुणवत्ता और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने होम स्टे इकाइयों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को भीमताल क्षेत्र में जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद आर्या के नेतृत्व में पर्यटन विभाग की टीम ने विभिन्न होम स्टे इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पंजीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं तथा निर्धारित मानकों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कुल 16 होम स्टे इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच में तीन होम स्टे इकाइयां निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होती नहीं पाई गईं। इस पर विभाग ने संबंधित संचालकों पर नियमावली के तहत प्रत्येक इकाई पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। जिन इकाइयों पर जुर्माना लगाया गया उनमें पियो पैलेस, लेक माउंट और रोज मैरी होम स्टे शामिल हैं।
इसके अलावा सात होम स्टे इकाइयों में पर्यटकों के लिए गर्म पानी जैसी आवश्यक सुविधा उपलब्ध नहीं पाई गई। इस पर विभाग ने संबंधित संचालकों को तीन दिन के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। नोटिस प्राप्त करने वालों में सरोज कुमार दुर्गा, श्याम नारायण गुप्ता, श्रीमती रिमानी जोशी, श्रीमती ममता जोशी, अफसर खान और अंशुमन मोहता समेत अन्य संचालक शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान कुछ होम स्टे इकाइयों में आवश्यक सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं। इनमें राघवेन्द्र सिंह, राजेन्द्र सिंह घुराल, तनवेन्द्र शेखर, सुरभा होम स्टे तथा दीप विला होम स्टे प्रमुख रहे, जहां पर्यटकों के लिए गर्म पानी सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित पाई गई।
जांच के दौरान कुछ होम स्टे इकाइयां बंद भी मिलीं, जिनका विवरण विभाग द्वारा अलग से संकलित किया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद आर्या ने कहा कि भीमताल और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी होम स्टे संचालकों को पंजीकरण संबंधी नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षा मानकों का अनुपालन करने तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी इकाई में मानकों का उल्लंघन पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पर्यटन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में पर्यटन सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और पर्यटकों के भरोसे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
