पहले पति और दूसरे पति के परिवार को निशाना बनाने का आरोप, समझौते के नाम पर लाखों रुपये मांगने का दावा
हल्द्वानी। रामपुर रोड क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला और उसके परिजनों पर शादी के नाम पर लोगों को जाल में फंसाकर बाद में मुकदमे दर्ज कराने तथा समझौते के नाम पर धन उगाही करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मामले को लेकर समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. को शिकायत देकर विस्तृत जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विशाल वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी एसएसपी को दी गई, जिसके बाद उनके निर्देश पर कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर सौंपी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिवानी श्रीवास्तव नामक महिला अपने कथित प्रेमी और परिजनों के साथ मिलकर भोले-भाले लोगों को प्रेम संबंध और विवाह के जाल में फंसाती है तथा बाद में मुकदमे दर्ज कराकर समझौते के नाम पर लाखों रुपये की मांग करती है।
पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा के अनुसार, वार्ड-19 रामपुर रोड क्षेत्र में रहने वाली सुमन श्रीवास्तव ने करीब छह माह पूर्व उन्हें और विशाल वर्मा को अपने परिवार से जुड़े विवाद की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि सुमन श्रीवास्तव के पुत्र विपिन श्रीवास्तव का विवाह 14 फरवरी 2016 को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद की ठाकुरद्वारा तहसील के ग्राम हिमायुपुर निवासी शिवानी श्रीवास्तव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। दंपति का एक नौ वर्षीय पुत्र भी है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार वर्ष 2022 में शिवानी श्रीवास्तव अपने पुत्र, सोने के आभूषणों और अन्य सामान के साथ मायके चली गईं। आरोप है कि परिवार द्वारा कई बार समझाने और वापस ससुराल आने का आग्रह करने के बावजूद वह नहीं लौटीं। इसके बाद उन्होंने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज करा दिया, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है।
विशाल वर्मा का आरोप है कि मुकदमे के दौरान शिवानी ने गौरव नामक व्यक्ति से दूसरा विवाह कर लिया। उनका कहना है कि कुछ समय बाद गौरव ने स्वयं संपर्क कर बताया कि शिवानी कथित रूप से उसके घर से करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद लेकर चली गई। साथ ही गौरव ने यह भी दावा किया कि 1 अगस्त 2026 को उसके और उसके परिवार के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया तथा मुकदमा वापस लेने के एवज में 15 लाख रुपये की मांग की जा रही है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उनके पास गौरव से हुई बातचीत की वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। उनका आरोप है कि महिला, उसके माता-पिता, बहन और अन्य सहयोगी मिलकर एक संगठित गिरोह की तरह कार्य कर रहे हैं और विवाह व कानूनी मामलों का इस्तेमाल कर लोगों से धन उगाही कर रहे हैं।
विशाल वर्मा और अंजलि वर्मा ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो भविष्य में अन्य लोगों को ऐसे मामलों का शिकार होने से बचाया जा सकेगा।
हालांकि, मामले में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ताओं के हैं। पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।
