उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

श्री नंदा देवी महोत्सव की तैयारियों को लेकर मातृ शक्ति की बैठक, 16 सितंबर से शुरू होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

ख़बर शेयर करें

नैनीताल। उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और विरासत का प्रतीक 124वें वर्ष में प्रवेश कर चुके श्री नंदा देवी महोत्सव-2026 के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।

महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को सभा भवन में मातृ शक्ति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मनोज साह ने की, जबकि संचालन जगदीश बावड़ी एवं प्रो. ललित तिवारी ने संयुक्त रूप से किया।

बैठक में पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा और वरिष्ठ अधिवक्ता चक्रधर बहुगुणा सहित अन्य लोगों ने महोत्सव की तैयारियों को लेकर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि श्री नंदा देवी महोत्सव नैनीताल की धार्मिक आस्था के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसलिए महोत्सव को सफल बनाने में सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है।

घर-घर पहुंचाया जाएगा झंडा और कैलेंडर

बैठक में निर्णय लिया गया कि महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नैनीताल के सभी घरों में श्री नंदा देवी महोत्सव का झंडा एवं कैलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को महोत्सव के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी और अधिक से अधिक लोगों को आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में महोत्सव के आयोजन में मातृ शक्ति द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महोत्सव की व्यवस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी हमेशा महत्वपूर्ण रही है और उनका सहयोग अतुलनीय है।

सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर

महोत्सव के दौरान नगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के पहुंचने को देखते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी व्यापक चर्चा हुई। आयोजन स्थलों, नगर भ्रमण मार्गों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और महोत्सव के दौरान नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

16 से 23 सितंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

बैठक में महोत्सव के प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की गई। इसके अनुसार 16 सितंबर को सभा भवन में महोत्सव का उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद 17 सितंबर को कदली नगर भ्रमण, 18 सितंबर को मूर्ति निर्माण के साथ सभा भवन में बच्चों की क्विज एवं लोकगीत प्रतियोगिता आयोजित होगी।

19 सितंबर को मूर्ति स्थापना तथा 20 सितंबर को हवन का आयोजन किया जाएगा। 21 सितंबर को महाभंडारा होगा। 22 सितंबर को सुंदरकांड एवं भजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव का समापन 23 सितंबर को डोला नगर भ्रमण एवं विसर्जन के साथ होगा। बैठक में महाभंडारे की व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी होगी बैठक

बैठक में बताया गया कि महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को एसडीएम नैनीताल सभा भवन में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में महोत्सव के दौरान सुरक्षा, यातायात, सफाई, पेयजल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश एवं तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।

इसके अलावा 30 अगस्त को नैनीताल के नागरिकों की बैठक आयोजित की जाएगी। युवाओं को महोत्सव से जोड़ने और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अलग से युवाओं के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।

बैठक में अशोक साह, राजेंद्र बिष्ट, बिमल चौधरी, बिमल साह, भुवन बिष्ट, हरीश राणा, मोहित लाल साह, दिनेश भट्ट, गोधन सिंह, मिथिलेश पांडे, धर्मेंद्र शर्मा, सभासद लता दफौटी, गजाला कमाल, गीता उप्रेती, शीतल कटियार, गीता बिष्ट, विवेक वर्मा, प्रदीप जेठी, पुष्पा बावरी, रेशमा टंडन, सुनीता वर्मा, राजेंद्र लाल साह, देवेंद्र लाल साह सहित बड़ी संख्या में मातृ शक्ति एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

बैठक में सभी ने महोत्सव को भव्य, गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया।