उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

भीमताल : बौद्धिक प्रतियोगिता में शिशु मंदिर सुयालबाड़ी के विद्यार्थियों ने मारी बाजी

ख़बर शेयर करें

वोसरस्वती शिशु विद्या मंदिर भीमताल में शनिवार, 23 अगस्त को संकुल स्तरीय बौद्धिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संकुल के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने गीत, कला, विज्ञान, कथा-कथन और सांस्कृतिक प्रश्न मंच सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर सुयालबाड़ी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में सुयालबाड़ी विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास का शानदार परिचय दिया। गीत प्रतियोगिता के शिशु वर्ग में भैय्या शिवम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि बाल वर्ग में बहिन बर्खा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इसी क्रम में कला प्रतियोगिता के शिशु वर्ग में भैय्या पंकज ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विज्ञान प्रश्न मंच के बाल वर्ग में बहिन बर्खा एवं प्राची ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं विज्ञान प्रयोग के शिशु वर्ग में भैय्या लक्ष्य ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

कथा-कथन प्रतियोगिता के बाल वर्ग में बहिन प्राची ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सांस्कृतिक प्रश्न मंच के शिशु वर्ग में भैय्या शिवम, लक्ष्य और शुभम की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी बौद्धिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की लगन, निरंतर परिश्रम और प्रतिभा का परिणाम है। साथ ही विद्यार्थियों के अभिभावकों और मार्गदर्शक आचार्यों के अथक प्रयासों का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

विद्यालय परिवार की ओर से सभी विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। शिक्षकों ने कहा कि प्रतिभा जब मेहनत और सही मार्गदर्शन से जुड़ती है तो सफलता निश्चित होती है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय के अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।

कार्यक्रम में सुयालबाड़ी के प्रधानाचार्य दिनेश चंद्र पांडे, सहायक आचार्या वैशाली नेगी, भीमताल के प्रधानाचार्य एवं कार्यक्रम आयोजक विजय पांडे, संकुल प्रमुख मनोहर, सिमलखा के प्रधानाचार्य नरेंद्र बिष्ट, कार्यक्रम प्रभारी एवं भवाली के प्रधानाचार्य भुवन शर्मा, नथुवाखान के प्रधानाचार्य खीमराज, वीरभट्टी के प्रधानाचार्य मनोज भट्ट तथा शिशु विद्या मंदिर नैनीताल के जगदीश तिवाड़ी सहित विभिन्न विद्यालयों के आचार्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में संकुल गरमपानी और भवाली से पहुंचे आचार्यों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। सरस्वती शिशु मंदिर भीमताल के समस्त आचार्य परिवार, प्रबंधन समिति एवं संकुल से जुड़े विद्यालयों के शिक्षकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग किया।

विद्यार्थियों की सफलता पर विद्यालय परिवार ने कहा कि यह उपलब्धि केवल पुरस्कार तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और सांस्कृतिक चेतना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करने की शुभका\मनाएं दीं।