चंपावत/टनकपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज 3 अक्टूबर 2026 को जनपद चंपावत के टनकपुर क्षेत्र के एक दिवसीय भ्रमण पर पहुंचेंगे। जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री टनकपुर में आयोजित ‘दशहरा महोत्सव-2026’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
जिलाधिकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून से प्रस्थान कर अपराह्न 4:15 बजे स्टेडियम हैलीपैड, टनकपुर पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री अपराह्न 4:25 बजे स्टेडियम हैलीपैड से कार द्वारा गांधी मैदान, टनकपुर के लिए रवाना होंगे और लगभग 4:30 बजे गांधी मैदान पहुंचेंगे।
गांधी मैदान में आयोजित दशहरा महोत्सव-2026 में मुख्यमंत्री बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान वे महोत्सव के कार्यक्रम में शामिल होंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित भी कर सकते हैं।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री सायं 5:15 बजे गांधी मैदान, टनकपुर से कार द्वारा अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे लगभग 5:45 बजे नगला तराई, खटीमा (ऊधमसिंहनगर) स्थित अपने निजी आवास पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री के टनकपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उनके कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।

