10 पेटी बीयर और 13 पेटी अंग्रेजी शराब, कुल 23 पेटियां के साथ महिला गिरफ्तार
बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 55 हजार रुपये
पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र धारचूला में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। निगालपानी स्थित एक रेस्टोरेंट में अवैध रूप से शराब का कारोबार किए जाने की सूचना पर धारचूला पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब बरामद की।
पुलिस ने मौके से 10 पेटी बीयर और 13 पेटी अंग्रेजी शराब, कुल 23 पेटियां बरामद करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में धारचूला पुलिस टीम ने निगालपानी क्षेत्र में स्थित रेस्टोरेंट में चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीम द्वारा रेस्टोरेंट की तलाशी लिए जाने के दौरान वहां शराब की पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके पर मौजूद मंजू (32 वर्ष), निवासी आरा मशीन, वार्ड धारचूला, हाल निवासी गलाती को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
तलाशी के दौरान पुलिस को 10 पेटी बीयर तथा 13 पेटी अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर उसकी अनुमानित कीमत करीब ₹1,55,000 आंकी है। पुलिस के अनुसार महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमांत क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग एवं अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र सोराड़ी, आरक्षी संतोष कुमार तथा आरक्षी भावेश तिवारी शामिल रहे। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को सीमांत क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
