उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

कूटा ने डॉ. विजय कुमार को विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष बनने पर दी बधाई, डॉ. दीपक मेलकानी को उत्कृष्ट शोध पुरस्कार मिलने पर जताई खुशी

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) ने डॉ. विजय कुमार के वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष बनने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कूटा पदाधिकारियों ने उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में विभाग और संकाय शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।

डॉ. विजय कुमार इससे पूर्व राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम समन्वयक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता और सेवा से जुड़े कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कूटा ने डॉ. विजय कुमार को नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। साथ ही, इस नियुक्ति के लिए कूटा ने कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट का आभार व्यक्त किया।

वहीं, कूटा ने विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के डॉ. दीपक मेलकानी को उत्कृष्ट शोध पुरस्कार प्राप्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। संगठन के पदाधिकारियों ने इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि शोध के क्षेत्र में इस तरह का सम्मान शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए प्रेरित करता है। डॉ. मेलकानी की इस उपलब्धि पर कूटा सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, प्रो. नीलू, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. युगल, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. कुबेर गिनती, प्रो. अनिल बिष्ट, डॉ. शिवांगी, प्रो. दीपिका गोस्वामी और डॉ. अशोक कुमार सहित अन्य सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया।

इसके अलावा एलुमनी सेल से डॉ. बी.एस. कालाकोटी, प्रो. संजय पंत, डॉ. एस.एस. सामंत, डॉ. जी.सी. जोशी, ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना जोशी, डॉ. भुवन आर्य और डॉ. हृदेश शर्मा ने भी दोनों उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कूटा ने आशा व्यक्त की कि विश्वविद्यालय के शिक्षक भविष्य में भी शिक्षण, शोध और सामाजिक गतिविधियों के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर संस्थान का नाम रोशन करते रहेंगे।

Advertisement