उत्तराखण्ड कुमाऊं क्राइम ख़बरें नैनीताल

हल्द्वानी में मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से झपटमारी, कान से सोने के कुंडल नोचकर फरार हुए बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर की घटना, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर संदिग्धों की तलाश शुरू की

हल्द्वानी। शहर में झपटमारी की घटनाएं लगातार लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। गुरुवार सुबह मुखानी थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला के साथ दिनदहाड़े झपटमारी की सनसनीखेज वारदात सामने आई।

दो बेखौफ बदमाश महिला के कान से सोने के कुंडल (झुमके) नोचकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, हिम्मतपुर निवासी बुजुर्ग महिला गुरुवार सुबह करीब 6:15 बजे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थीं। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दो संदिग्ध युवक पहले से ही एक मकान के बाहर बैठे हुए थे। महिला के वहां से गुजरते ही दोनों युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

कुछ दूरी पर पहुंचते ही एक बदमाश ने पीछे से महिला पर झपट्टा मारकर उनके कानों में पहने सोने के कुंडल नोच लिए। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गईं, जबकि दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देकर तेजी से मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय भी इस तरह की वारदात होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और झपटमारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मुखानी थाने के इंस्पेक्टर सुशील जोशी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।