उत्तराखण्ड ख़बरें हरिद्वार

हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा: गंगनहर में डूबने से चार किशोर कांवड़ियों की मौत

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में स्नान के दौरान चंडीगढ़ के चार किशोर कांवड़ियों की डूबने से मौत हो गई।

हादसे के बाद कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। जल पुलिस और स्थानीय पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों शव गंगनहर से बाहर निकाले।

जानकारी के अनुसार, मृतक किशोरों की उम्र लगभग 16 से 18 वर्ष के बीच थी। सभी एक कांवड़िया दल के साथ हरिद्वार पहुंचे थे और गंगाजल लेने से पहले जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में स्नान कर रहे थे।

इसी दौरान एक किशोर अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी बिना देर किए पानी में उतर गए, लेकिन गंगनहर की तेज धारा और गहराई के कारण चारों किशोर पानी की चपेट में आ गए और देखते ही देखते लापता हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गंगनहर में सिल्ट जमा होने के कारण कुछ स्थानों पर पानी का स्तर कम कर दिया गया था। इससे कई श्रद्धालु नहर के बीच तक चले जा रहे थे। हालांकि, बीच में बने गहरे गड्ढों का उन्हें अंदाजा नहीं था। इसी कारण एक किशोर गहरे गड्ढे में फंस गया और उसे बचाने की कोशिश में उसके तीन साथी भी हादसे का शिकार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस, स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद चारों किशोरों के शव गंगनहर से बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

हरिद्वार के नगर पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों और अन्य श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गंगा एवं गंगनहर में केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। गहरे पानी, तेज बहाव और प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।