हल्द्वानी में बुजुर्ग महिला से कुंडल झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, SSP मंजूनाथ ने किया खुलासा
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से सोने का कान का कुंडल झपटकर फरार हुए दो शातिर आरोपियों को नैनीताल पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का कुंडल भी बरामद कर लिया है। मामले का त्वरित खुलासा करने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को ₹2,500 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को जगतपुरम कॉलोनी, हिम्मतपुर मल्ला निवासी चम्पा देवी ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया कि उनकी बुजुर्ग सास के कान से दो अज्ञात युवक सोने का कुंडल झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 117/2026 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने एसपी सिटी मनोज कत्याल को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी और एसओजी प्रभारी मोहन सोन के नेतृत्व में मुखानी पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही मैन्युअल जांच और तकनीकी सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। लगातार प्रयासों के बाद 1 अगस्त को पुलिस ने रिलायंस मॉल के पीछे स्थित आम के बगीचे में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय अजय और 20 वर्षीय सूरज जोशी निवासी बिल्सी, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी अजय के कब्जे से बुजुर्ग महिला का लूटा गया सोने का कान का कुंडल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे कबाड़ बीनने का काम करते हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी अजय के खिलाफ उत्तर प्रदेश में पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है। उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करने पर एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए मुखानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को ₹2,500 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि जिले में झपटमारी, चोरी और अन्य अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
