उत्तराखण्ड उधम सिंह नगर कुमाऊं क्राइम ख़बरें

उत्तराखंड में खूनी रंजिश: दिन में युवक को दी थी जान से मारने की धमकी, रात में कार से कुचल कर मार डाला

ख़बर शेयर करें

दिन के विवाद का खूनी अंजाम: कार से बाइक को मारी टक्कर, युवक को घसीटकर कुचला, मौत

जसपुर में सनसनीखेज वारदात, हत्या का मुकदमा दर्ज; दो नामजद समेत तीन आरोपियों की तलाश तेज

जसपुर (ऊधम सिंह नगर)। ऊधम सिंह नगर के जसपुर में शुक्रवार रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दिन में हुए कहासुनी के विवाद का बदला लेने के आरोप में कार सवार युवकों ने बाइक सवार तीन दोस्तों को निशाना बनाया। आरोप है कि कार से जानबूझकर बाइक में पीछे से टक्कर मारने के बाद एक युवक को घसीटते हुए कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में दो अन्य युवक घायल हो गए। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे नितिन कुमार, हर्ष और लवीश एक बाइक पर सवार होकर ठाकुरद्वारा चुंगी की ओर गए थे। लौटते समय खेड़ा रोड स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल के पास पहले से घात लगाए बैठे कार सवारों ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

परिजनों का आरोप है कि कार चला रहे पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू ने नितिन कुमार को कार से घसीटते हुए कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल नितिन की मौके पर ही हालत बिगड़ गई, जबकि हर्ष और लवीश ने किसी तरह शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। लोगों को आता देख आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए।

घायलों और नितिन को तत्काल काशीपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही नितिन ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गए, जहां उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया।

मौके पर विधायक आदेश चौहान, भाजपा नेता खड़क सिंह, महेश प्रजापति और अशोक खन्ना समेत कई जनप्रतिनिधि भी कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

मृतक के पिता बनारसी दास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दिन में हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। उसी रंजिश में रात को इस वारदात को अंजाम दिया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू, जाकिर गुज्जर और एक अन्य आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कोतवाल राजेश पांडे ने बताया कि दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।