फैक्ट्री से छुट्टी के बाद किसी बात को लेकर भिड़े दोनों पक्ष, राहगीरों की भीड़ के बीच काफी देर तक चलता रहा हंगामा; पुलिस ने वायरल वीडियो का लिया संज्ञान
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सिडकुल थाना क्षेत्र में सड़क पर युवक-युवतियों के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। इस दौरान बेल्ट से भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवतियां भी मारपीट करती हुई दिखाई दे रही हैं।
बताया जा रहा है कि सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करने वाले युवक और युवतियां छुट्टी के समय फैक्ट्री से बाहर निकले थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर एक युवक और युवती के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआती विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के अन्य युवक-युवतियां भी इसमें शामिल हो गए।
इसके बाद सड़क पर ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में कई युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते नजर आ रहे हैं। वहीं, कुछ युवतियां भी विवाद में शामिल होकर मारपीट करती दिखाई दे रही हैं। मारपीट के दौरान बेल्ट का इस्तेमाल किए जाने का दृश्य भी वीडियो में नजर आ रहा है।
सड़क पर अचानक हुए इस हंगामे से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। काफी देर तक मारपीट और विवाद चलता रहा, जिसके चलते मौके पर राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवक-युवतियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक और युवती के बीच विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद अब पुलिस की जांच पर नजर है कि सड़क पर हुए इस विवाद में शामिल लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
