चौथी कक्षा का छात्र था राज, दो बहनों का इकलौता भाई; स्थानीय लोगों ने हाईटेंशन लाइन हटाने की उठाई मांग
किच्छा। खेल-खेल में पतंग लेने के लिए पड़ोसी की छत पर गया 12 वर्षीय बालक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
जानकारी के अनुसार, राज (12) पुत्र गुरमीत सिंह उर्फ बबलू, निवासी विकास कॉलोनी वार्ड-16, खेलते समय अपनी पतंग लेने के लिए दूसरी गली में स्थित एक मकान की छत पर चढ़ गया। छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगते ही बिजली लाइन ट्रिप होकर बंद हो गई।
कुछ देर बाद आसपास के लोगों की नजर छत पर अचेत पड़े बालक पर पड़ी। इसके बाद लोगों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम के जूनियर इंजीनियर (जेई) ओम कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली।
मृतक राज के पिता गुरमीत सिंह उर्फ बबलू विकास कॉलोनी में किराये के मकान में परिवार के साथ रहते हैं और एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत हैं। राज परिवार का इकलौता बेटा था तथा उसकी दो बहनें हैं। वह चौथी कक्षा का छात्र था। बेटे की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में हाईटेंशन बिजली लाइनों की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। विकास कॉलोनी के पूर्व सभासद अरुण तनेजा ने बताया कि कॉलोनी में कई मकान 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइनों के नीचे बने हुए हैं और इससे पहले भी यहां तीन बार ऐसे हादसे हो चुके हैं।
उन्होंने ऊर्जा निगम से आबादी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को हटाने या सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
