उत्तराखण्ड कुमाऊं ख़बरें नैनीताल

भीमताल में भारी बारिश का कहर: मलबे में दबकर 7-8 बकरियों की मौत की आशंका; हरीश पनेरू ने मांगा तत्काल मुआवजा

भीमताल। लगातार हो रही भारी बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। धारी विकासखंड की ग्राम सभा बुराशी से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां मूसलाधार बारिश के कारण एक ग्रामीण के मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मकान को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि घर में मौजूद करीब 7 से 8 बकरियां मलबे में दब गईं।

जानकारी देते हुए राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने बताया कि भारी बारिश के चलते ग्राम सभा बुराशी निवासी मोहन सिंह बिष्ट के मकान की छत गिर गई। छत गिरने से मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मलबे में कई बकरियां दब गईं। घटना से प्रभावित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में मकानों, संपर्क मार्गों और पशुधन को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आ रही हैं। मोहन सिंह बिष्ट के परिवार के लिए यह हादसा केवल मकान के नुकसान तक सीमित नहीं है, बल्कि पशुधन के दबने से उनकी आजीविका पर भी गंभीर असर पड़ा है।

हरीश पनेरू ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि इस घटना का तत्काल संज्ञान लिया जाए और राजस्व एवं संबंधित विभाग की टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का शीघ्र आकलन कराया जाए। उन्होंने प्रभावित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा देने के साथ ही तत्काल राहत सामग्री और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रशासन को प्रभावित परिवार के साथ खड़ा होकर त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहे परिवार को समय पर राहत मिल सके।

राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने प्रशासन से मांग की है कि मोहन सिंह बिष्ट के मकान को हुए नुकसान और मलबे में दबे पशुधन का तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।