उत्तराखण्ड उधम सिंह नगर कुमाऊं क्राइम ख़बरें

अभय हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, नशे के इंजेक्शन को लेकर विवाद में दोस्त ने की हत्या

नशे के इंजेक्शन को लेकर दोस्त ने की दोस्त की हत्या, गटर में छिपाया शव; पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा।

दोस्ती का रिश्ता बना मौत की वजह, हत्या के बाद गटर में छिपाया शव; मोबाइल और नकदी लेकर फरार हुआ आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

खटीमा। ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में 20 वर्षीय अभय उर्फ लल्लू की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिस युवक की गुमशुदगी को लेकर परिजन कई दिनों से परेशान थे, उसकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही दोस्त ने की थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने अभय की गला घोंटकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसके शव को घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित एक गटर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला खटीमा के वार्ड नंबर 17 स्थित शिवा कॉलोनी का है। जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय अभय उर्फ लल्लू 7 नवंबर की रात करीब नौ बजे अपने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 9 नवंबर को परिजनों ने कोतवाली खटीमा पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।

मामले में शुरुआत से ही कुछ बातें परिजनों को संदेहास्पद लग रही थीं। मृतक का मोबाइल फोन एक अन्य युवक के पास मिलने पर परिजनों ने सवाल उठाए थे। वहीं जय सक्सेना ने भी आरोप लगाया था कि जिस व्यक्ति पर हत्या का शक है, वही परिजनों को साथ लेकर गुमशुदगी दर्ज कराने कोतवाली पहुंचा था। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।

हत्या करने के बाद आरोपी ने अभय के पास मौजूद करीब 2300 रुपये और मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को घटनास्थल से लगभग 15 से 20 मीटर दूर स्थित एक गटर में फेंककर छिपा दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को शक के दायरे से बचाने के लिए अगले दिन मृतक का मोबाइल फोन उसके बड़े भाई रवि को यह कहते हुए वापस कर दिया कि उसे मोबाइल फोन पड़ा हुआ मिला था। हालांकि, पुलिस की जांच और पूछताछ में उसकी भूमिका सामने आ गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अभय का शव, हत्या में इस्तेमाल किया गया लोअर का नाड़ा और 600 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के पास से करीब 2300 रुपये लिए थे, जिनमें से 600 रुपये बरामद हुए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी संजय गुप्ता का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ खटीमा कोतवाली में चोरी, बरामदगी और गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में खटीमा पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर रही है।

इस घटना ने एक बार फिर नशे की लत और उसके चलते युवाओं में बढ़ते आपराधिक व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की जान चली गई और दोस्ती का रिश्ता एक दर्दनाक हत्याकांड में बदल गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement