10 से 12 बंदूकधारियों द्वारा वारदात को अंजाम देने की जानकारी
करीब 8 लाख रुपये नकद लूटने का दावा
सोने की दो चेन और 12 मोबाइल फोन भी लूटे
वारदात के बाद पुलिस ने बॉर्डर क्षेत्रों में चेकिंग बढ़ाई
सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों की जांच जारी
ऑफिस की गतिविधियों को लेकर भी पुलिस कर रही जांच
हल्द्वानी। शहर के गोरापड़ाव क्षेत्र में बंदूकधारी बदमाशों ने एक ऑफिस में धावा बोलकर लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने ऑफिस में घुसकर कर्मचारियों को हथियारों के बल पर आतंकित किया और वहां से करीब 8 लाख रुपये की नकदी, सोने की दो चेन तथा 12 मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात हल्द्वानी कोतवाली की मंडी चौकी क्षेत्र में गोरापड़ाव में स्थित एक ऑफिस में हुई। हथियारबंद बदमाशों के अचानक पहुंचने से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। बदमाशों ने बंदूक के बल पर ऑफिस में मौजूद लोगों को अपने कब्जे में लिया और इसके बाद नकदी व अन्य सामान लेकर मौके से फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं। बदमाशों की तलाश में हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों के साथ ही जिले की सीमाओं तथा बॉर्डर क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच तेज कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
वहीं, जिस ऑफिस में वारदात हुई है, उसकी गतिविधियों को लेकर भी पुलिस को कुछ अहम जानकारी मिलने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि ऑफिस में किसी अन्य तरह की गतिविधि संचालित होने की भी जानकारी पुलिस को मिली है, जिसके संबंध में पुलिस जांच कर रही है। हालांकि इस संबंध में अभी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। इतनी बड़ी संख्या में हथियारबंद बदमाशों के पहुंचने और लाखों की लूट की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
